देश

नकली IPS अधिकारी बनकर ठगता था मोबाइल, क्राइम ब्रांच के हत्‍थे चढ़ा जालसाज

मुंबई: मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट 2 ने एक ऐसे शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है, जो खुद को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बताकर लोगों को ठगता था. आरोपी की पहचान संदीप नारायण गोसावी उर्फ संदीप कार्णिक उर्फ दिनेश बोदुलाल दीक्षित के रूप में हुई है. यह गिरफ्तारी आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में दर्ज एक शिकायत के बाद 8 जुलाई को की गई. आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 204, 318(1)(4), 319(1), 316(2) और 337 के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है.

नाजिम कासिम, जो क्रॉफर्ड मार्केट के आसपास साकेबी कलेक्शन नामक दुकान के मालिक हैं, ने कहा कि उनकी आरोपी से करीब एक साल पहले भेंट हुई थी। उसने “संदीप कार्णिक” के नाम से खुद को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बताकर पहचाना था। आरोपी नियमित रूप से दुकान पर आया करता था और कुछ पुलिस अधिकारियों के साथ संबंध बन जाने के कारण लोग उस पर भरोसा कर लेते थे।

5 जून को आरोपी ने नाजिम से कहा कि वह नागपुर में अपनी कार में मोबाइल भूल आया है और अस्थायी रूप से सैमसंग A35 फोन की मांग की. नाजिम ने भरोसे में आकर अपना फोन दे दिया, लेकिन जब फोन वापस मांगा गया, तो आरोपी ने बहानेबाज़ी शुरू कर दी और 14,000 रुपये देने का झूठा वादा कर टालता रहा.

संदेह होने पर नाजिम ने जब जानकारी प्राप्त की, तो मालूम हुआ कि वह कोई अधिकारी नहीं है, बल्कि एक ठग है जो इसी तरह दूसरों को भी ठग चुका है। 7 जुलाई की रात नाजिम को जानकारी मिली कि आरोपी पुलिस कमिश्नर ऑफिस के गेट नंबर 5 के पास है। तुरंत सूचना देकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया और क्राइम ब्रांच कार्यालय लाया गया, जहां पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के पास से नाजिम का चोरी हुआ मोबाइल फोन और एक फर्जी आधार कार्ड भी बरामद किया है, जिस पर “दिनेश बोदुलाल दीक्षित” नाम और उसकी तस्वीर थी. आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे 11 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Us Now
WhatsApp