कानपुर में डबल एक्शन: 15 करोड़ फर्जी लोन और दलित उत्पीड़न मामले में दो चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर।
कानपुर ।जन शिकायतों और संवेदनशील मामलों में लापरवाही बरतने पर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया। यह कार्रवाई 15 करोड़ रुपये के फर्जी लोन घोटाले और दलित युवक के साथ बर्बरता के मामले में की गई है।पहले मामले में पनकी थाना क्षेत्र के रतनपुर चौकी प्रभारी आशुतोष दीक्षित को हटाया गया।
आरोप है कि ई-रिक्शा चालक अर्चना मिश्रा के नाम पर फर्जी जीएसटी फर्म बनाकर करीब 15 करोड़ रुपये का लोन लिया गया। पीड़िता की शिकायत के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं की गई, बल्कि समझौते का दबाव बनाया गया।वहीं दूसरे मामले में सचेंडी थाना क्षेत्र के रैकेपुर चौकी इंचार्ज शैलेश त्रिपाठी पर झकरा गांव में दलित युवक के साथ हुई बर्बरता की सूचना समय पर न देने का आरोप साबित हुआ।
घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था।दोनों मामलों की जांच एसीपी मनोज कुमार सिंह ने की, जिसमें लापरवाही उजागर हुई। इसके बाद डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी के निर्देश पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों मामलों में निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बिंदास बोल संवाददाता कानपुर

