दयानंद गर्ल्स पी.जी. कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना ने चलाया सड़क सुरक्षा अभियान

कानपुर। दयानंद गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, कानपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा लल्लनपूर्वा बस्ती में संचालित सात दिवसीय विशेष शिविर के द्वितीय दिवस पर सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संगीता सिरोही के निर्देशन एवं प्राचार्या प्रो. वंदना निगम के मार्गदर्शन में छात्राओं ने क्षेत्रवासियों को यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया। स्वयंसेविकाओं ने सड़क सुरक्षा रैली निकालकर “हेलमेट पहनें–जीवन बचाएं”, “सीट बेल्ट लगाएं”, “नशे में वाहन न चलाएं” जैसे नारों के माध्यम से जागरूकता संदेश दिया। नुक्कड़ नाटक, पोस्टर एवं संवाद कार्यक्रम के द्वारा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय बताए गए। राष्ट्रीय सेवा योजना की 50 स्वयंसेविकाओं ने अभियान में सहभागिता की। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए यातायात नियमों के पालन का संकल्प लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. अंजना श्रीवास्तव, डॉ. साधना सिंह, श्री बसंत कुमार एवं ऋषभ का सहयोग रहा।


