पिज़्ज़ा शॉप में भीषण आग, लाखों का नुकसान, दमकल की मशक्कत से टला बड़ा हादसा

कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के केडीए चौराहे पर स्थित पिज़्ज़ा हॉलिक नामक शॉप में शनिवार को शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दुकान धुएं और लपटों से घिर गई। हालांकि शॉप में मौजूद कर्मचारियों ने समय रहते बाहर भागकर अपनी जान बचा ली, जिससे बड़ा हादसा टल गया।घटना की सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा के निर्देश पर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फायर स्टेशन अधिकारी (एफएसओ) राहुल नंदन ने बताया कि आग काफी भयंकर थी और उससे उठ रहे धुएं के कारण आसपास के मकानों में दमघोंटू स्थिति पैदा हो गई थी। हालात ऐसे हो गए कि आसपास रहने वाले लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकलकर सड़क पर आ गए।स्थिति को देखते हुए लाल बंगला पुलिस चौकी से केडीए चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर अस्थायी रूप से बंद कर दिया, ताकि दमकल कर्मियों को आग बुझाने में किसी प्रकार की बाधा न हो।दमकल की गाड़ियां पहुंचते ही फायर कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। इसी दौरान दुकान में लगे इनवर्टर की बैटरी फटने से तेज धमाका भी हुआ, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में कुछ समय के लिए दहशत फैल गई। इसके बावजूद फायर कर्मियों ने सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के साथ आग पर काबू पा लिया।पिज़्ज़ा हॉलिक की संचालिका जूली सिंह ने बताया कि आग लगने से दुकान में रखा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।फिलहाल दमकल विभाग ने आग को पूरी तरह बुझा दिया है और राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
*बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट*


