बिकरु कांड के 6 वर्ष पूरे, शहीद पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि
कानपुर। चर्चित बिकरु कांड को आज 6 वर्ष पूरे हो गए। इस मौके पर शिवराजपुर थाने में स्थानीय पुलिस द्वारा शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने मौन रखकर उन वीर सपूतों को याद किया, जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे।गौरतलब है कि वर्ष 2020 में कानपुर के बिकरु गांव में कुख्यात अपराधी विकास दुबे को पकड़ने गई पुलिस टीम पर घात लगाकर हमला किया गया था। इस हमले में एक सीओ समेत 8 पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे, जिसने पूरे उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर को झकझोर कर रख दिया था।इस सनसनीखेज घटना के बाद यूपी पुलिस ने बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए विकास दुबे और उसके गैंग के खिलाफ अभियान चलाया था। कई दिनों की तलाश के बाद मुख्य आरोपी विकास दुबे को मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसे कानपुर लाया जा रहा था, जहां रास्ते में पुलिस वाहन पलटने के दौरान कथित मुठभेड़ में विकास दुबे मारा गया था।बिकरु कांड उस समय पूरे प्रदेश में चर्चा का केंद्र बना रहा। इस घटना ने पुलिस व्यवस्था, अपराध और राजनीति के गठजोड़ जैसे कई गंभीर सवाल भी खड़े किए थे।आज 6 वर्ष बाद भी शहीद पुलिसकर्मियों की वीरता और बलिदान को लोग याद कर रहे हैं। शिवराजपुर थाने में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि शहीदों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता और उनकी याद हमेशा पुलिस बल को कर्तव्य के प्रति प्रेरित करती रहेगी।
बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट

