कानपुर में सीवियर एनीमिया एवं ब्लड ट्रांसफ्यूजन पर वैज्ञानिक गोष्ठी आयोजित
कानपुर में सीवियर एनीमिया एवं ब्लड ट्रांसफ्यूजन पर वैज्ञानिक गोष्ठी आयोजित
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने एनीमिया की पहचान, उपचार और सुरक्षित ब्लड ट्रांसफ्यूजन प्रोटोकॉल पर साझा की महत्वपूर्ण जानकारी
कानपुर। कानपुर पेरीनैटोलॉजी और प्रजनन जीव विज्ञान सोसाइटी कानपुर द्वारा शनिवार को होटल रॉयल क्लिफ में “सीवियर एनीमिया एवं ब्लड ट्रांसफ्यूजन” विषय पर एक वैज्ञानिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के वरिष्ठ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सहभागिता कर एनीमिया एवं ब्लड ट्रांसफ्यूजन से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए।
वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ तथा कानपुर पेरीनैटोलॉजी और प्रजनन जीव विज्ञान सोसाइटी कानपुर की अध्यक्ष डॉ. नीलम मिश्रा ने एनीमिया की स्थिति पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कुल मिलाकर एनीमिया की दर 73 प्रतिशत, गर्भवती महिलाओं में 65 प्रतिशत और किशोरावस्था में 53 प्रतिशत तक बताई गई है।
उन्होंने विशेष रूप से गर्भावस्था, सामान्य प्रसव एवं सिजेरियन डिलीवरी के दौरान आवश्यकता पड़ने पर रक्त किस प्रकार के फॉर्म में दिया जाना चाहिए, इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
एनीमिया के कारणों और गंभीर स्थिति पर चर्चा
गोष्ठी के प्रथम वैज्ञानिक सत्र में डॉ. मनीषा अग्रवाल ने “ओवरव्यू ऑफ एनीमिया एंड फोकस ऑफ सीवियर एनीमिया” विषय पर विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किया।
उन्होंने एनीमिया के कारणों, इसके बढ़ते प्रभाव, समय पर पहचान, आधुनिक जांच एवं उपचार पद्धतियों के साथ-साथ गंभीर एनीमिया के प्रभावी प्रबंधन पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर निदान एवं उचित उपचार से गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।
सुरक्षित ब्लड ट्रांसफ्यूजन प्रोटोकॉल पर जोर
द्वितीय वैज्ञानिक सत्र में डॉ. प्रियंका वर्मा ने “ब्लड ट्रांसफ्यूजन प्रोटोकॉल” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।
उन्होंने सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से रक्ताधान (ब्लड ट्रांसफ्यूजन) की प्रक्रिया, आवश्यक सावधानियों, उचित मरीज चयन, रक्त की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय दिशानिर्देशों के अनुरूप ट्रांसफ्यूजन प्रोटोकॉल का पालन करने के महत्व पर प्रकाश डाला।
चिकित्सकों के सवालों के दिए जवाब
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागी चिकित्सकों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए तथा एनीमिया एवं ब्लड ट्रांसफ्यूजन से संबंधित नवीनतम चिकित्सा जानकारी साझा की। गोष्ठी का उद्देश्य चिकित्सकों को इस विषय में अद्यतन वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराना एवं रोगियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार प्रदान करने हेतु जागरूक करना था।
लगभग 80 चिकित्सकों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। गोष्ठी में डॉ. मीरा अग्निहोत्री मुख्य संरक्षिका, डॉ. नीलम मिश्रा अध्यक्ष, डॉ. किरण सिन्हा सचिव सहित डॉ. कमल धवन, डॉ. किरण पांडे, डॉ. संगीता आर्य, डॉ. रेशमा निगम, डॉ. रीना मट्टू, डॉ. शीला शर्मा, डॉ. रीता मित्तल, डॉ. रेनू गुप्ता, डॉ. कल्पना दीक्षित और डॉ. कंचन शर्मा मौजूद रहीं।
कार्यक्रम में संस्था से जुड़े लगभग 80 चिकित्सकों ने सहभागिता की। गोष्ठी का संचालन डॉ. किरण सिन्हा एवं डॉ. राशि मिश्रा ने किया।

