मंदिर का दान पात्र चोरी करने वाले तीन शातिर चोर गिरफ्तार
कानपुर। गोविंदनगर थाना क्षेत्र में मंदिर का दान पात्र चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को पुलिस ने महज 48 घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4500 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले गोविंदनगर स्थित दुर्गा मंदिर से दान पात्र चोरी होने की घटना सामने आई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने इलाके के करीब 110 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद आरोपियों की पहचान हुई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि दान पात्र में रखी करीब 25 हजार रुपये की नकदी चुराने के बाद आरोपियों ने उन पैसों से मोबाइल फोन खरीदा और शराब पार्टी भी की। चोरी की अधिकांश रकम आरोपियों ने खर्च कर दी थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से 4500 रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया और बताया कि घटना के बाद पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंचना संभव हो सका।
बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट


