BB ओरिजिनलउत्‍तर प्रदेशकानपुर

आरक्षी आशीष शुक्ला बने UPPCS 2024 में कॉमर्शियल टैक्स ऑफिसर

Img 20260410 wa0010

कानपुर। पुलिस कमिश्नरेट के लिए गर्व का क्षण सामने आया है, जहां कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी सेवा दे रहे आरक्षी आशीष शुक्ला ने कठिन परिश्रम और लगन के बल पर UPPCS 2024 परीक्षा में सफलता प्राप्त करते हुए कॉमर्शियल टैक्स ऑफिसर (वाणिज्य कर अधिकारी) पद हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल पुलिस विभाग बल्कि उनके गृह जनपद अमेठी सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष और गौरव का माहौल है।आरक्षी आशीष शुक्ला 18वीं बैच के कर्मठ एवं अनुशासित जवान हैं, जो वर्तमान में कमिश्नरेट कानपुर नगर में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मूल रूप से शुक्ला बाजार, जनपद अमेठी के निवासी आशीष शुक्ला ने अपनी ड्यूटी के साथ-साथ पढ़ाई जारी रखते हुए यह मुकाम हासिल किया, जो युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया है।दिनांक 10 अप्रैल 2026 को पुलिस आयुक्त कार्यालय में आयोजित एक सम्मान कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त श्री रघुबीर लाल एवं अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा ने आशीष शुक्ला को इस महत्वपूर्ण सफलता पर पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी। अधिकारियों ने उनकी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की उपलब्धियां विभाग के अन्य कर्मचारियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।इस अवसर पर उपस्थित आईपीएस अधिकारी श्री सुमित सुधारकर रामटेके ने भी आशीष शुक्ला को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और व्यस्त ड्यूटी के बावजूद इतनी बड़ी परीक्षा में सफलता हासिल करना अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आशीष शुक्ला भविष्य में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन उसी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करेंगे।पुलिस विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी आशीष शुक्ला की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उनकी यह सफलता यह साबित करती है कि यदि दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत हो, तो किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

*बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट*

Inshot 20260403 133605204

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Us Now
WhatsApp