भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष को जान से मारने की धमकी, सोशल मीडिया पर गाली-गलौज—एफआईआर दर्ज।
वाराणसी – सिगरा क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष रजत जयसवाल निवासी गुलाबबाग सिगरा को लगातार सोशल मीडिया पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। डर और असुरक्षा के माहौल में जी रहे पीड़ित ने आखिरकार पुलिस की शरण ली, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
*पूरा मामला* -सिगरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाले रजत जायसवाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि कुछ अज्ञात लोग उन्हें लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से अपशब्द कह रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित के अनुसार, इन धमकियों के कारण वह और उनका परिवार बेहद भयभीत हैं।
शिकायत में बताया गया है कि आरोपी न केवल ऑनलाइन गाली-गलौज कर रहे हैं बल्कि गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दे रहे हैं। पीड़ित को इस बात का डर सता रहा है कि कहीं ये लोग किसी बड़ी घटना को अंजाम न दे दें।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352 और 351(4) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
मामले की जांच का जिम्मा एक पुलिस अधिकारी को सौंप दिया गया है और जांच प्रक्रिया जारी है।पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़ित ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

