चौबेपुर क्षेत्र के ग्राम चांदिका की बेटी ने बढ़ाया मान

कानपुर। चौबेपुर कस्बे के अंतर्गत आने वाले ग्राम चांदिका की बेटी वंशिका सिंह ने यूपीपीसीएस परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र और गांव का नाम रोशन किया है। वंशिका सिंह का चयन वाणिज्य कर अधिकारी (Commercial Tax Officer) के पद पर हुआ है, जिससे पूरे गांव में गर्व और खुशी का माहौल है।वंशिका सिंह के पिता प्रदीप सिंह राजावत, जो वर्तमान में लखनऊ में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं, तथा माता श्रीमती रेनू सिंह राजावत ने अपनी बेटी की इस सफलता पर खुशी जाहिर की। परिवार सहित पूरे गांव के लोग इस उपलब्धि को लेकर उत्साहित हैं और एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं।इस अवसर पर प्रदीप सिंह राजावत ने कहा कि उनकी बेटी की सफलता क्षेत्र के सभी बच्चों, खासकर बेटियों के लिए एक प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि यदि लगन और मेहनत के साथ प्रयास किया जाए तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने आशा जताई कि वंशिका की इस उपलब्धि से क्षेत्र की अन्य बेटियां भी प्रेरित होकर आगे बढ़ेंगी और देश-प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।ग्राम चांदिका में इस उपलब्धि के बाद जश्न का माहौल है और लोग वंशिका सिंह को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।
*बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट*


