पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़
कानपुर। इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में एक लुटेरे के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया, साथ ही उसके एक अन्य साथी को भी दबोच लिया गया है।
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला चकेरी थाना क्षेत्र के मंगला विहार इलाके से जुड़ा हुआ है। बीते दिनों यहां एक महिला सिविल डिफेंस कर्मी के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे और पुलिस उनकी तलाश में लगातार जुटी हुई थी।
इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली, जिसके आधार पर चकेरी थाना क्षेत्र के सनिगवां स्थित अलकनंदा के पास संदिग्धों की घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए जवाबी फायरिंग की।
मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके का फायदा उठाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया, वहीं उसके साथी को भी घेरकर पकड़ लिया गया।
फिलहाल घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस लूट कांड से जुड़े और भी खुलासे हो सकते हैं।
बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट

