आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पहुंचे कानपुर, 6 घंटे ट्रैफिक डायवर्जन लागू

कानपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत गुरुवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस से कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंचे। स्टेशन से वे कार द्वारा सिविल लाइंस के लिए रवाना हुए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भागवत संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता नीतू सिंह की पुत्री वसुंधरा और यश के विवाह से पूर्व आयोजित आशीर्वाद समारोह में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम 11 जून को आजाद नगर स्थित “आर्या” में आयोजित किया गया है। वसुंधरा और यश का विवाह 21 जून 2026 को प्रस्तावित है।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधियों और विशिष्ट अतिथियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए शहर में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू किया है।
कर्बला चौराहा से कंपनीबाग की ओर जाने वाले वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को मछुआ रोड और मैनावती मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, कंपनीबाग से कर्बला की ओर जाने वाले वाहन रावतपुर, नवाबगंज थाना क्षेत्र और चिड़ियाघर मार्ग से गुजरेंगे। गंगा बैराज से कर्बला की ओर जाने वाले वाहनों के लिए एनआरआई सिटी, बनियापुरवा, यश कोठारी और मैनावती मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। साथ ही, एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
हेल्पलाइन नंबर: ट्रैफिक कंट्रोल रूम – 9305104340
ग्रीन कॉरिडोर सेल – 9454402413
बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट :::
