बढ़ते यातायात और दुर्घटनाओं का नियंत्रण के उद्देश्य हेतु “सुगम यातायात योजना”

कानपुर। शहर में बढ़ते यातायात दबाव और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से संचालित “सुगम यातायात योजना (Reducing Traffic Congestion – RTC Scheme)” के तहत गुरुवार को टाटमिल चौराहा पर व्यापक यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस उपायुक्त यातायात श्री रवीन्द्र कुमार के निर्देशन में आयोजित किया गया, जिसमें यातायात पुलिस की टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई।अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को रोककर उन्हें जागरूक किया गया। विशेष रूप से बिना हेलमेट चलने वाले दोपहिया वाहन चालकों, हेलमेट का स्ट्रैप न लगाने वालों, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वालों तथा क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर वाहन चलाने वालों को नियमों का पालन करने के लिए समझाया गया। पुलिसकर्मियों ने चालकों को बताया कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।यातायात पुलिस द्वारा चालकों को हेलमेट के सही उपयोग, सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन से दूरी बनाए रखने तथा निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, यह भी बताया गया कि नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त यातायात श्री रवीन्द्र कुमार ने कहा कि “RTC योजना” का मुख्य उद्देश्य शहर में यातायात को सुगम बनाना, जाम की समस्या को कम करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें और एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।अभियान के दौरान कई वाहन चालकों ने नियमों के प्रति जागरूकता दिखाई और भविष्य में उनका पालन करने का आश्वासन दिया। यातायात विभाग द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि शहर में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट

