छठी मैया की सेवा का यह अवसर मेरे जीवन का गौरव है। — सुरेंद्र मैथानी
कानपुर। गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र मैथानी ने मंगलवार प्रातः कालीन समय में विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख छठ पूजा घाटों — नमक फैक्ट्री घाट, सीटीआई नहर घाट, अरमापुर घाट, पनकी घाट, केवी-2 विद्यालय घाट, प्रकाश विद्या मंदिर घाट, मिश्रीलाल घाट, अंबेडकर नगर रविदासपुरम तथा बड़ी नहर छठ पूजा घाट — का पुनः निरीक्षण किया।कुछ घाटों का रात्रिकालीन निरीक्षण पहले ही पूरा किया जा चुका है। विधायक ने कहा कि सभी घाटों को छठी मैया के भक्तों के चरणों में समर्पित करने हेतु तैयारियां लगभग पूर्ण हैं।छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए विधायक मैथानी ने कहा,“छठी मैया की सेवा करने का यह अवसर मेरे लिए गौरव का विषय है। प्रदेश सरकार संस्कृति, परंपरा और आस्था को मजबूती से बढ़ावा दे रही है।”उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा छठ पर्व आयोजन गोविंद नगर विधानसभा में होता है, जहां लाखों श्रद्धालु सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते हैं। उन्होंने कहा कि महीनों पूर्व से ही साफ-सफाई, सुरक्षा और सभी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने हेतु लगातार कार्य कराया जा रहा है।अरमापुर स्थित बड़ी नहर घाट के बारे में विधायक ने कहा कि यह स्थल अब एक बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में उभर चुका है। जहां हर वर्ष श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता है।निरीक्षण एवं भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान पार्षद नीरज कुरील, पार्षद गुंजन शर्मा, मंडल अध्यक्ष दीपक शुक्ला, धर्म दूबे, विकास, शेषनाथ, अनूप गुप्ता समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

