ईद को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क

अपर पुलिस आयुक्त ने संभ्रांत नागरिकों से की बैठक
कानपुर। आगामी ईद पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में गुरुवार, दिनांक 12 मार्च 2026 को अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर संवाद किया।बैठक के दौरान डॉ. विपिन ताडा ने उपस्थित लोगों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा त्योहार के दौरान आपसी भाईचारा, सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों के सहयोग से ही किसी भी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सकता है।अपर पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ईद के मद्देनजर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जाए और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस अवसर पर मौजूद नागरिकों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और ईद पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने की बात कही। पुलिस प्रशासन द्वारा क्षेत्र में लगातार संवाद स्थापित कर शांति और व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
*बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट*


