भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिला मंत्री का आकस्मिक निधन

कानपुर देहात। जनपद में भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिला मंत्री विनोद नायक के आकस्मिक निधन से पार्टी संगठन और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। 45 वर्षीय विनोद नायक सिकंदरा क्षेत्र के निवासी थे और हाल ही में उन्हें जिला मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उनके असामयिक निधन ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को गहरा आघात पहुंचाया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनोद नायक परौख गांव में चल रहे ‘गांव चलो अभियान’ के तहत आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत अकबरपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें कानपुर के कार्डियोलॉजी विभाग के लिए रेफर कर दिया। जैसे ही इस घटना की सूचना जिला अध्यक्ष रेणुका सचान को मिली, वह तत्काल सक्रिय हुईं और विनोद नायक को कानपुर ले जाया गया। हालांकि, वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।बताया जा रहा है कि विनोद नायक को दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ा था, जिससे उनकी मौत हो गई। उनके निधन की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर फैल गई। कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।जिला अध्यक्ष रेणुका सचान ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि विनोद नायक एक समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता थे, जिन्होंने संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनका इस तरह अचानक चले जाना पार्टी के लिए बड़ी क्षति है।विनोद नायक के निधन की सूचना मिलते ही उनके गांव और आसपास के क्षेत्रों में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
*बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट*


