मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों को खुली चुनौती, देर रात तक धड़ल्ले से बिकती रही शराब

कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र में देर रात खुलेआम शराब बिक्री का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सूबे के मुखिया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश में कानून व्यवस्था और अवैध गतिविधियों पर सख्ती के निर्देश दिए गए हैं, इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
मामला बर्रा थाना क्षेत्र की जनता नगर चौकी का बताया जा रहा है, जहां देर रात तक शराब की बिक्री होने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि देर रात तक लोगों की भीड़ शराब खरीदने के लिए जुटी हुई है और खुलेआम शराब बेची जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस संबंध में क्षेत्रीय पुलिस को सूचना भी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि देर रात तक शराब खरीदने वालों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों का खतरा भी बढ़ रहा है।
सूत्रों के अनुसार, थाना प्रभारी बर्रा को भी इस मामले की जानकारी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद देर रात तक शराब बिक्री जारी रही। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
वायरल वीडियो के सामने आने के बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या देर रात तक शराब बेचने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी या फिर शराब माफियाओं पर कार्रवाई के बजाय उन्हें संरक्षण मिलता रहेगा।
फिलहाल यह पूरा मामला बर्रा थाना क्षेत्र की जनता नगर चौकी का बताया जा रहा है और वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर क्या कार्रवाई की जाती है।
बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट


