रोजगार महाकुंभ-2025 का शुभारंभ मंत्री अनिल राजभर ने झंडी दिखाकर रोजगार रथ को किया रवाना
बिंदास बोल ब्यूरो की रिपोर्ट
लखनऊ। श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने सोमवार को विधान सभा से रोजगार महाकुंभ-2025 अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर रोजगार रथ को प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रचार-प्रसार के लिए रवाना किया।यह महाकुंभ 26 से 28 अगस्त तक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित होगा। आयोजन में युवाओं को रोजगार और कौशल विकास से जोड़ने पर विशेष ध्यान रहेगा।
मंत्री राजभर ने कहा –> “शासन की मंशा है कि हर युवा के हाथों में रोजगार हो। रोजगार रथ का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को इस महाकुंभ में जोड़ना और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय अवसरों तक पहुंचाना है।”उन्होंने बताया कि इस आयोजन में 50 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें 15 हजार अंतरराष्ट्रीय अवसर शामिल होंगे।
प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन डॉ. एम.के. शन्मुगा सुन्दरम् ने कहा –> “रोजगार महाकुंभ 2025 उत्तर प्रदेश को रोजगार और कौशल उत्कृष्टता का केंद्र बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। इस मंच पर वैश्विक नियोक्ता, उद्योग जगत के नेता और नीति निर्माता एक साथ आएंगे।”आयोजन के दौरान एआई प्रशिक्षण मंडप, कौशल प्रदर्शनी, राष्ट्रीय सम्मेलन और स्टार्टअप प्रदर्शनी मुख्य आकर्षण रहेंगे। इसमें देश-विदेश की कंपनियां युवाओं को नौकरी और प्रशिक्षण के अवसर देंगी।सरकार का लक्ष्य है कि इस महाकुंभ के जरिए लाखों युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार की दिशा में नए अवसर मिलें और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिले।

