तेज रफ्तार लोडर वाहन ने अचानक नियंत्रण खोया

कानपुर। थाना नवाबगंज क्षेत्र अंतर्गत चौकी गंगा बैराज इलाके में देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब मुस्कान गेस्ट हाउस के बगल में एक तेज रफ्तार लोडर वाहन ने अचानक नियंत्रण खो दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोडर चालक शराब के नशे में बताया जा रहा है।अनियंत्रित लोडर ने सड़क किनारे खड़े एक हरे-भरे पेड़ को जोरदार टक्कर मारते हुए उसे जड़ से उखाड़ दिया। इसके बाद वाहन आगे बढ़ता हुआ पास में रखी एक गुमटी से जा टकराया, जिससे गुमटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।गनीमत रही कि इस हादसे में कोई बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि गुमटी संचालक को आर्थिक नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय वहां अधिक भीड़ होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।सूचना मिलते ही थाना नवाबगंज की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि, चौकी प्रभारी गंगा बैराज के मौके पर मौजूद न होने की चर्चा क्षेत्र में बनी रही। पुलिस द्वारा लोडर चालक को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
*बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट*

