तीन रॉटविलर कुत्तों ने 55 वर्षीय महिला पर किया जानलेवा हमला

कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी में तीन रॉटविलर कुत्तों द्वारा 55 वर्षीय महिला पर किए गए जानलेवा हमले के बाद नगर निगम और पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार को नगर निगम की डॉग रेस्क्यू टीम पुलिस के साथ कुत्तों की तलाश में मौके पर पहुंची, लेकिन करीब 15 मिनट तक खोजबीन के बाद भी तीनों कुत्तों का कोई सुराग नहीं मिल सका। टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम घाऊखेड़ा निवासी 55 वर्षीय गीता कांग्रेसी नेता अशोक बिग के भाई के घर घरेलू काम और खाना बनाने की बात करने पहुंची थीं। आरोप है कि घर में मौजूद तीन रॉटविलर कुत्तों ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। कुत्तों ने महिला को जमीन पर गिराकर बुरी तरह नोच डाला और घसीटते हुए सड़क तक ले आए। महिला के हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। डॉक्टरों के अनुसार महिला के शरीर पर 13 गहरे घाव मिले हैं और यह ग्रेड-3 डॉग बाइट का गंभीर मामला है।
घटना के दौरान एक ब्लिंकिट डिलीवरी कर्मी ने साहस दिखाते हुए कुत्तों पर पत्थर फेंके और स्थानीय लोगों की मदद से महिला को उनके चंगुल से बाहर निकाला। घायल महिला को पहले कांशीराम अस्पताल और बाद में गंभीर हालत देखते हुए हैलट अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्रवाई की जानकारी मिलते ही कुत्तों को कुलगांव स्थित एक फार्म हाउस भेज दिया गया। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। नगर निगम के आरआई राजेश मिश्रा ने बताया कि कुत्ता मालिक के लाइसेंस की जांच की जा रही है। कानूनी राय लेने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट

