होटल बना ‘अय्याशी का अड्डा’, नाबालिगों की एंट्री पर हुआ बवाल

कानपुर। बर्रा इलाके में स्थित एक होटल को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है। आरोप है कि यह होटल खुलेआम अवैध और आपत्तिजनक गतिविधियों का केंद्र बन गया है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, होटल से जुड़े कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें गंभीर अनियमितताओं की झलक मिलती है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि स्कूल ड्रेस और एनसीसी यूनिफॉर्म में नाबालिगों को भी कमरों में ठहराए जाने के आरोप लगे हैं। छात्राओं की मौजूदगी की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। नाबालिगों की एंट्री को लेकर स्थानीय लोग खासे नाराज़ हैं।
वीडियो में कमरों के अंदर डांसर बुलाकर डांस कराने और हुक्का जैसी गतिविधियों के भी दृश्य बताए जा रहे हैं। इससे साफ संकेत मिल रहा है कि होटल में नियम-कानूनों को ताक पर रखकर काम किया जा रहा है।
यह होटल ठाकुर चौराहे पर, एक प्रतिष्ठित स्कूल के ठीक सामने स्थित है और रिहायशी इलाके में संचालित हो रहा है। आरोप है कि इसका संचालन मिश्रा और अवस्थी नाम के व्यक्तियों द्वारा किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि शहर में विशेष जांच टीमें सक्रिय होने के बावजूद इस तरह की गतिविधियां जारी रहना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
अब देखना होगा कि पुलिस और प्रशासन इस गंभीर मामले में कब और कितनी सख्त कार्रवाई करते हैं।
कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट



