अफवाह से मची भगदड़, चलती ट्रेन से कूदे यात्री

कानपुर। शहर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अनवरगंज स्टेशन से कल्याणपुर होते हुए दोपहर 3:26 बजे रवाना हुई एक एक्सप्रेस ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैल गई। यह घटना शिवराजपुर पहुंचने से पहले की बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा ट्रेन में आग लगने की सूचना फैलते ही यात्रियों में दहशत फैल गई। घबराए कई यात्रियों ने जान बचाने के लिए चलती ट्रेन से कूदना शुरू कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत ट्रेन को रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन में किसी प्रकार की आग नहीं लगी थी और यह केवल अफवाह साबित हुई। हालांकि, इस अफवाह के चलते यात्रियों में भारी दहशत और अव्यवस्था की स्थिति बन गई।फिलहाल, यह जांच का विषय है कि आखिर यह अफवाह किसने और क्यों फैलाई। रेलवे प्रशासन और स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। *बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड की रिपोर्ट*

