जीवन ज्योति हॉस्पिटल में मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा

कानपुर। कल्याणपुर स्थित जीवन ज्योति हॉस्पिटल में सोमवार रात मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। मृतक के परिजनों और तीमारदारों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही और गलत इलाज का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ लोग उग्र हो गए और पुलिसकर्मियों से कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि हंगामे के दौरान चौकी इंचार्ज का बिल्ला नोच लिया गया, जबकि एक दरोगा की वर्दी भी फाड़ दी गई।इस झड़प में चौकी प्रभारी समेत तीन महिला पुलिसकर्मी घायल हो गईं। अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया। अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद स्थिति को काबू में किया गया।पुलिस ने मौके से महिलाओं सहित करीब 10 लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर हमले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट

