BB ओरिजिनलउत्‍तर प्रदेशकानपुर

कानपुर मेयर और उनके पुत्र पर लगे गम्भीर आरोप

Screenshot 2026 06 27 18 25 03 59 7352322957d4404136654ef4adb64504

— सीवर लाइन को लेकर नगर निगम में हंगामा, संत लाल का हाता के लोगों का प्रदर्शन

— टेंडर जारी होने के बावजूद काम शुरू न होने का आरोप, नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

कानपुर। शहर के संत लाल का हाता क्षेत्र में सीवर लाइन निर्माण की मांग को लेकर शनिवार को बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक नगर निगम मुख्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सीवर लाइन का कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग करते हुए नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि सीवर लाइन का टेंडर जारी होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोगों के हस्तक्षेप के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस दौरान नगर निगम परिसर में नारेबाजी हुई तथा सुरक्षाकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र के विकास कार्यों में जानबूझकर बाधा डाली जा रही है। कुछ लोगों ने सीधे तौर पर मेयर और उनके बेटे अमित उर्फ बंटी पांडेय पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र की कीमती जमीन पर नजर होने के चलते काम में बाधा डाली जा रही है।हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और जिन व्यक्तियों पर आरोप लगाए गए हैं, उनकी ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
नगर आयुक्त को दिए गए ज्ञापन में मांग की गई कि सीवर लाइन का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए तथा यदि किसी स्तर पर अनावश्यक बाधा उत्पन्न की जा रही है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवर व्यवस्था के अभाव में क्षेत्रवासियों को लंबे समय से जलभराव, गंदगी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Us Now
WhatsApp