सत्ता के नशे में दबंगई, प्रधान समेत 12 पर जानलेवा हमले का मुकदमा

कानपुर नगर ( महाराजपुर थाना क्षेत्र के कोढ़वा गांव में एक बुजुर्ग पर हुए जानलेवा हमले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने गांव के प्रधान ओमनारायण उर्फ मालिक, उसके भाइयों लल्लू और शंकर, भतीजे किसन तथा प्रदूम व अभिषेक समेत छह नामजद और छह अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।एफआईआर के अनुसार, घटना 20 जून की रात करीब 11 बजे की है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी पक्ष हथियारों और लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर में जबरन घुस आया। आरोप है कि घर में प्रवेश करते ही आरोपियों ने बुजुर्ग रामकिशोर कश्यप पर हमला कर दिया और उन्हें बेरहमी से पीटा।
📍रीढ़, कूल्हा और पैर में गंभीर चोट
परिजनों के मुताबिक हमले में रामकिशोर कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए। चिकित्सकीय परीक्षण में उनकी रीढ़ की हड्डी, कूल्हे और पैर में गंभीर चोटें सामने आई हैं। वर्तमान में उनका उपचार अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
📍सूखे तालाब में फेंकने का आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के बाद हमलावरों ने घायल बुजुर्ग को मृत समझ लिया और घर के समीप स्थित एक सूखे तालाब में फेंककर फरार हो गए। बाद में परिजनों ने उन्हें गंभीर अवस्था में बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।महिलाओं से अभद्रता का भी आरोप घटना के दौरान जब घर की महिलाओं ने बीच-बचाव का प्रयास किया, तब आरोपियों द्वारा उनके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। इस संबंध में भी पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराएं शामिल की हैं।
📍पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
महाराजपुर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नामजद आरोपियों सहित छह अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
📍पीड़ित पक्ष का बयान
«”हमारे परिवार के बुजुर्ग को इतनी बेरहमी से पीटा गया कि उनकी रीढ़, कूल्हा और पैर तक टूट गए। हम चाहते हैं कि सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हो और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिले।” — पीड़ित परिवार
📍»पुलिस का पक्ष
«”मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।” — पुलिस सूत्र
🛑 बड़ा सवाल
गांव में चर्चा का विषय बना यह मामला अब कानून-व्यवस्था और दबंगई पर भी सवाल खड़े कर रहा है। मुकदमा दर्ज होने के बाद लोगों की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी कब तक होती है।
✍🏻 संवाददाता अनिल कश्यप की रिपोर्ट
