उर्सला अस्पताल का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, 22 डॉक्टर समेत 32 स्वास्थ्यकर्मी मिले अनुपस्थित

कानपुर नगर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार सुबह लगभग 9:30 बजे उर्सला हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। इस दौरान उनके साथ एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में कई गंभीर खामियां उजागर हुईं, जिस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई।निरीक्षण के दौरान दो संदिग्ध दलालों को मौके से पकड़ा गया, जो मरीजों को गुमराह कर निजी लाभ लेने की कोशिश कर रहे थे। जिलाधिकारी ने तत्काल ऐसे तत्वों पर कड़ी नजर रखने और सख्त कार्रवाई के निर्देश अस्पताल प्रशासन को दिए।सबसे चिंताजनक बात यह रही कि जांच के दौरान 22 डॉक्टरों सहित कुल 32 स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए। इस लापरवाही पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) उर्सला को निर्देशित किया कि अस्पताल परिसर में किसी भी प्रकार की दलाली या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने सख्त हिदायत दी कि किसी भी परिस्थिति में मरीजों को बाहर की दवाएं न लिखी जाएं और सभी आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जाएं।डीएम ने कहा कि मरीजों को बेहतर और पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट


