छात्र की गला घोंटकर निर्मम हत्या, खेतों के पास मिला शव

कानपुर। नवीं के छात्र की गला घोंटकर निर्मम हत्या, खेतों के पास मिला शव। घाटमपुर थाना क्षेत्र के कठेठा गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले किशोर का शव खेतों के पास पड़ा मिला। मृतक की पहचान कृष्णा के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए।परिजनों के मुताबिक कृष्णा घर से खेतों की तरफ जाने के लिए निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। जब परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश करते हुए खेतों की ओर पहुंचे तो वहां उसका शव पड़ा मिला। किशोर की लोअर के नाड़े से गला घोंटकर उसकी बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही घाटमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और बारीकी से जांच की।पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि हत्या के पीछे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और कई पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी साउथ भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें भरोसा दिलाया कि मामले का जल्द से जल्द खुलासा किया जाएगा और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
*बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट*


