जिलाधिकारी की चेतावनी के बाद भी नहीं सुधर रहे गैस एजेंसी संचालक

कानपुर नगर। बुधवार।जिलाधिकारी की सख्त चेतावनी और स्पष्ट निर्देशों के बावजूद शहर के कुछ गैस एजेंसी संचालकों की कार्यप्रणाली में सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर न मिलने और एजेंसी कर्मचारियों द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने के आरोप सामने आ रहे हैं।बुधवार सुबह लगभग 10:30 बजे चुन्नीगंज चौराहे पर स्थित नीलम बृजेंद्र इंडेन गैस एजेंसी के बाहर और अंदर बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने हंगामा किया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कई दिनों से एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें गैस सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है और कर्मचारियों की ओर से संतोषजनक जवाब भी नहीं मिल रहा।मौके पर मौजूद एक उपभोक्ता ने बताया कि वह महीने में एक बार गैस सिलेंडर लेते हैं। उन्हें पिछली बार 11 तारीख को सिलेंडर मिला था, जिसके बाद से वह लगातार चार दिनों से एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया गया।गौरतलब है कि हाल ही में जिलाधिकारी ने जिले के सभी गैस वितरकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए थे कि जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग पहले होगी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ओटीपी सत्यापन के साथ होम डिलीवरी के जरिए गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश भी दिए गए थे।इसके बावजूद चुन्नीगंज स्थित गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ रहा है। वहीं प्रशासन का कहना है कि पूरे जिले में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और बुकिंग के आधार पर उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और उपभोक्ताओं की समस्या कब तक दूर हो पाती है।
*बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट*


