डिलीवरी के दौरान महिला की मौत,अस्पताल के बाहर परिजनों का हंगामा

कानपुर।कल्याणपुर थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब शिवली रोड स्थित प्रिया हॉस्पिटल में डिलीवरी के दौरान एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा शुरू कर दिया।जानकारी के मुताबिक, प्रसव पीड़ा होने पर महिला को परिजन इलाज के लिए शिवली रोड स्थित प्रिया हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों द्वारा डिलीवरी की प्रक्रिया की जा रही थी। इसी दौरान अचानक महिला की तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।मृतका के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन की लापरवाही और सही समय पर इलाज न मिलने के कारण महिला की जान चली गई। परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता को समय रहते नहीं समझा और इलाज में भी लापरवाही बरती गई।घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही थाना कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराने की कोशिश की और मामले की जांच का आश्वासन दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अस्पताल प्रशासन से भी पूछताछ की जा रही है।परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
*बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट*


