गुड फ्राइडे के पर्व और जुम्मे की नमाज को देखते प्रशासन सतर्क
कानपुर।रावतपुर गुड फ्राइडे के पर्व और जुम्मे की नमाज को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में एडीसीपी पश्चिम राजेश कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और पीएसी की टीम के साथ रावतपुर क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त की गई।इस दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील इलाकों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और मौजूद पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। एडीसीपी ने स्पष्ट रूप से कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है।गश्त के दौरान ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है, जिससे हर गतिविधि पर निगरानी सुनिश्चित हो सके। खासकर भीड़भाड़ वाले इलाकों, धार्मिक स्थलों और मुख्य मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।पुलिस प्रशासन द्वारा लोगों से भी अपील की गई है कि वे आपसी भाईचारा बनाए रखें, अफवाहों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।कानपुर पुलिस का कहना है कि शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और हर स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।
*बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट*


