अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कानून का डंडा ही नहीं, थप्पड़ भी चलता दिखा
कानपुर ब्रेकिंग कानपुर । पनकी थाना क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कानून का डंडा ही नहीं, थप्पड़ भी चलता दिखा। वर्दी के रौब में इंसानियत को ताक पर रखने का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।शनिवार को अरमापुर नहर पुल से लेकर पनकी नहर पुल तक प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। अभियान के दौरान भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात रही, लेकिन कार्रवाई के बीच हालात तब बिगड़ गए जब स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।इसी बीच आरोप है कि पनकी थाना के एमआईजी चौकी इंचार्ज बृजेश कुमार ने चोखा-बाटी की दुकान चलाने वाले एक युवक को सरेआम थप्पड़ जड़ दिया। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रही है।वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या अतिक्रमण हटाने के नाम पर आम नागरिकों के साथ इस तरह का व्यवहार जायज है? क्या वर्दी का मतलब अब सिर्फ डर और दबाव बनाना रह गया है?फिलहाल मामला पनकी थाना क्षेत्र का है, लेकिन वीडियो ने पुलिस की कार्यशैली पर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई कार्रवाई होती है या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।
बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट


