रोटरी क्लब ऑफ कानपुर इंडस्ट्रियल के तत्त्वाधान में एक भव्य “वैदिक स्तोत्र संध्या” का आयोजन
कानपुर। रोटरी क्लब ऑफ कानपुर इंडस्ट्रियल के तत्त्वाधान में लिटिल शेफ, सिविल लाइंस में एक भव्य “वैदिक स्तोत्र संध्या” का आयोजन किया गया । इस सांस्कृतिक संध्या के मुख्य आकर्षण भारतीय संगीत जगत के प्रसिद्ध स्तोत्र गायक, संगीतकार एवं रंगकर्मी डॉ. बिपिन कुमार मिश्रा थे जिन्होंने शंख, डमरू एवं वैदिक वाद्यों के साथ अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त स्तोत्र गायन करके स्वर-लहरियाँ बिखेरीं। संगीत में PhD उपाधि प्राप्त डॉ. मिश्रा वैदिक मंत्रोच्चार और स्तोत्र गायन की समृद्ध परंपरा के संवाहक हैं। उन्हें यह विरासत अपने पितामह स्वर्गीय पंडित मनोहर मिश्रा तथा माता-पिता पंडित राजदेव मिश्रा और श्रीमती अमीरा मिश्रा से प्राप्त हुई।डॉ. मिश्रा ने संगीत की प्रारंभिक शिक्षा दरभंगा के विद्वान पंडित गणेश कांत ठाकुर से प्राप्त की। इसके पश्चात काशी-बनारस घराने के प्रसिद्ध सारंगी वादक पंडित हनुमान प्रसाद मिश्रा के सान्निध्य में अपने संगीत को निखारा। भारतीय शास्त्रीय संगीत के उत्कृष्ट गायक एवं मिथिला के प्रसिद्ध मैथिली लोकगायक डॉ. मिश्रा की सबसे विशिष्ट पहचान स्तोत्र गायन है। अपनी अथक साधना और नवाचार से उन्होंने शंख, डमरू एवं मंदिरों में प्रयुक्त होने वाले, देवी-देवताओं के द्वारा प्रयोग किए जाने वाले वाद्ययंत्रों को स्तोत्र गायन से जोड़कर इस विधा को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है।क्लब के अध्यक्ष आनंदवीर सिंह ने बताया की इस कार्यक्रम को करवाने का मुख्य उद्देश्य वेदों की ध्वनि-परंपरा से शहरवासियों को जोड़ना है। वेदमंत्रों के उच्चारण से उत्पन्न स्पंदन ‘प्राण बल’, ‘मनोबल’ और ‘आध्यात्मिक प्रगति’ में सहायक होता है जिससे की सभी जुड़ने वालों को लाभ प्राप्त हो सके, उन्होंने कहा भविष्य में भी हमारा रोटरी क्लब इस प्रकार के अध्यात्म वाले कार्यक्रम करवाता रहेगा। इस अवसर पर मुख्य रूप से अध्यक्ष आनंदवीर सिंह, सुषमा सिंह, सचिव विशाल नड्डा, सत्यशील शुक्ल, अतुल अग्रवाल तथा अन्य सदस्य तथा शहर के गणमान्य लोग उपस्थित थे।

