गंगाघाट पुल बना जाम का बड़ा कारण, अवैध सब्जी बाजार से रोज ठप पड़ रही रफ्तार!
कानपुर/शुक्लागंज (उन्नाव)। कानपुर और उन्नाव को जोड़ने वाला गंगाघाट पुल इन दिनों भीषण जाम की समस्या से जूझ रहा है। स्थिति यह है कि हर रोज शाम होते ही पुल पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और घंटों तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहता है।
इससे आम नागरिकों के साथ-साथ रोजाना ड्यूटी पर आने-जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार, इस जाम की सबसे बड़ी वजह पुल पर अवैध रूप से लगने वाला सब्जी बाजार है। शाम ढलते ही पुल पर बड़ी संख्या में सब्जी विक्रेता अपनी दुकानें सजा लेते हैं, जिससे सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाता है और यातायात बाधित हो जाता है।
हैरानी की बात यह है कि यह सब पुलिस और प्रशासन की जानकारी में होने के बावजूद लगातार जारी है।यह पुल कानपुर, शुक्लागंज, उन्नाव और लखनऊ को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, जहां से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इसके बावजूद अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब जाम के बीच एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहन भी फंस जाते हैं।
कई बार मरीजों को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा पाता, जिससे उनकी जान पर भी खतरा बन जाता है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से इस समस्या को लेकर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है।स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत के चलते सब्जी विक्रेता बिना किसी डर के पुल पर दुकानें लगाते हैं।
वहीं पुलिस मूकदर्शक बनी रहती है, जिससे समस्या दिन-ब-दिन विकराल रूप लेती जा रही है।लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गंगाघाट पुल से अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं।
बिंदास बोल संवाददाता

