महाप्रसाद,भजन संध्या और फूलों की होली में उमड़ा आस्था का सैलाब
🌺 महाप्रसाद, भजन संध्या और फूलों की होली में उमड़ा आस्था का सैलाब, भगवान जगन्नाथ के जयकारों से गूंजा कानपुर
श्री यज्ञसैनी वैश्य नवयुवक मण्डल हलवाई समाज (रजि.) ने कराया भव्य धार्मिक आयोजन, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद
कानपुर। श्री यज्ञसैनी वैश्य नवयुवक मण्डल हलवाई समाज (रजि.) के तत्वावधान में रविवार, 2 अगस्त 2026 को सिविल लाइंस स्थित वेद गेस्ट हाउस में भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी के महाप्रसाद, विशाल भंडारे एवं भव्य भजन संध्या का ऐतिहासिक आयोजन किया गया। श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से सराबोर इस आयोजन में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी की दिव्य आरती से हुआ। इसके पश्चात आयोजित बाल भोग में स्वादिष्ट पकौड़ियों एवं विभिन्न प्रकार के हलवे का प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया, जिसे सभी ने अत्यंत श्रद्धा से ग्रहण किया।
- भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी की भव्य आरती
- स्वादिष्ट बाल भोग एवं महाप्रसाद
- भव्य भजन संध्या
- राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी
- फूलों की होली
- विशाल भंडारा
भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायक अभिषेक शर्मा, साक्षी चन्ना एवं राकेश लक्खा ने अपने मधुर भजनों से ऐसा आध्यात्मिक वातावरण निर्मित किया कि पूरा पंडाल भक्ति रस में डूब गया।
“बांके बिहारी कजरारे तेरे मोटे-मोटे नैन…”, “जय जगन्नाथ… जय जगन्नाथ…” जैसे लोकप्रिय भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण-राधा की मनोहारी झांकी एवं फूलों की होली ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। श्रद्धालुओं ने भगवान के जयकारों के बीच फूलों की होली खेलकर भक्तिमय वातावरण का आनंद लिया।
इसके उपरांत आयोजित विशाल भंडारे में दाल-बाटी-चूरमा, नान, पूरी, रोटी, मटर पनीर, आइसक्रीम सहित विभिन्न व्यंजनों का महाप्रसाद हजारों श्रद्धालुओं को वितरित किया गया।
मुख्य अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी, विधायक अमिताभ बाजपेई, एमएलसी सलिल विश्नोई, विधायक सुरेंद्र मैथानी, एमएलसी अरुण पाठक सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता कर आयोजन की सराहना की।
इन पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संभाली आयोजन की कमान
अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, महामंत्री अंकित गुप्ता, कोषाध्यक्ष वेदान्त गुप्ता, उपाध्यक्ष महेश गुप्ता, मंत्री धीरज गुप्ता, प्रचार मंत्री अरविन्द गुप्ता, सांस्कृतिक मंत्री प्रवीण गुप्ता सहित राहुल गुप्ता, रविन्द्र गुप्ता, दीपांश, पार्षद मोनू गुप्ता, पार्षद अमित गुप्ता, पार्षद आदर्श गुप्ता, पार्षद रजत बाजपेई, पार्षद शिवम् दीक्षित, सुमित, अंकुर, मोहित, दिव्यांश, शुभम, राहुल, विकास, रुद्र सहित बड़ी संख्या में मण्डल के कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

