बिधनू नहर में गिरी श्रमिकों से भरी बस, सभी 20 मजदूर सुरक्षित निकाले गए

कानपुर, 07 मई 2026। कानपुर नगर में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब श्रमिकों को लेकर जा रही एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर बिधनू क्षेत्र की नहर में गिर गई। गनीमत रही कि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से सभी यात्रियों की जान बचा ली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 08:19 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि कुढ़नी से अकबरपुर रनियां की ओर जा रही एक निजी बस बिधनू नहर में गिर गई है। बस में चालक समेत कुल 21 लोग सवार थे, जिनमें लगभग 20 मजदूर शामिल थे।

सूचना मिलते ही थाना बिधनू पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। संयुक्त प्रयास से बस में सवार सभी 20 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे के दौरान किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा चालक की तलाश की जा रही है और उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
सहायक पुलिस आयुक्त घाटमपुर श्री कृष्णकांत यादव ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। इसके बावजूद एहतियातन नहर और आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की संभावना को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
पुलिस ने मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
— बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट

