पेट्रोल टैंकर से रिसाव के बाद मची लूट
कानपुर। गुजैनी थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बाईपास स्थित लोहे के पुल के पास एक टैंकर की टक्कर के बाद उसमें से पेट्रोल का रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ पेट्रोल भरने के लिए उमड़ पड़ी और वहां लूट जैसे हालात बन गए।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टैंकर से लगातार पेट्रोल बह रहा था, जिसे लोग बोतल, बाल्टी और अन्य बर्तनों में भरने लगे। फोकट के पेट्रोल की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे स्थिति और भी बिगड़ गई।इस दौरान सड़क पर भारी भीड़ जमा हो जाने के कारण कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया और भीड़ को घटनास्थल से हटाया।पुलिस द्वारा लोगों को पेट्रोल के रिसाव से दूर रहने और सुरक्षा बरतने की अपील की गई है, वहीं टैंकर को हटाकर स्थिति सामान्य करने का कार्य जारी है।
*बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट*


