पुलिस की क्राइम मीटिंग में सख्त तेवर, लापरवाह थानों को चेतावनी
कानपुर। कमिश्नरेट पुलिस की अहम क्राइम मीटिंग संपन्न हुई, जिसमें कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश दिया गया। बैठक में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए।किडनी खरीद-फरोख्त जैसे गंभीर मामले में सराहनीय कार्रवाई करने पर डीसीपी पश्चिम कासिम आबिदी की खुलकर प्रशंसा की गई। वहीं दूसरी ओर, लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए साफ कर दिया गया कि अब ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ सघन अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, जानलेवा साबित हो रहे चाइनीज मांझा बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

थाना महाराजपुर और सेन पश्चिम पारा की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्हें विशेष चेतावनी दी गई। वहीं महिला अपराध से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण को लेकर नौबस्ता, महाराजपुर, बिधनू, शिवराजपुर, सचेंडी, पनकी, कल्याणपुर, काकादेव और किदवई नगर थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और नारकोटिक्स के मामलों में अपेक्षित कार्रवाई न करने पर चकेरी, नरवल, रेलबाजार, बाबूपुरवा और ग्वालटोली थाना प्रभारियों को फटकार लगाई गई। अधिकारियों ने दो टूक कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में कोताही करने वालों पर भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।मीटिंग का साफ संदेश—या तो सुधारो, नहीं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहो।
*बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट*


