अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर

कानपुर। अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। बिठूर क्षेत्र स्थित गिन्नी विहार में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी पर केडीए का बुलडोजर चला, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 15 एकड़ क्षेत्र में की गई अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। जांच में सामने आया कि कॉलोनी का विकास बिना नक्शा पास कराए और बिना आवश्यक अनुमतियों के किया जा रहा था, जो कि नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से सड़कों, बाउंड्री वाल और अन्य निर्माण कार्यों को तोड़ा गया।इसके अलावा केडीए ने उसी क्षेत्र में करीब 10,000 वर्ग मीटर में की जा रही एक अन्य अवैध प्लॉटिंग को भी चिन्हित किया है। इस संबंध में संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर इस प्लॉटिंग के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।केडीए अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना स्वीकृति के निर्माण या प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। साथ ही आम जनता से भी अपील की गई है कि जमीन खरीदने से पहले सभी वैधानिक दस्तावेजों और स्वीकृतियों की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।इस कार्रवाई को केडीए की सख्ती और अवैध निर्माण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के रूप में देखा जा रहा है। *बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट*


