मंदिर परिसर पर भू-माफिया की नजर,दबंग कर रहा निर्माण
कानपुर। मंधना क्षेत्र में स्थित प्राचीन त्रिनेतश्वर महादेव मंदिर की जमीन पर कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि क्षेत्र का ही एक दबंग किस्म का व्यक्ति मंदिर परिसर की जमीन पर अवैध निर्माण कर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।बताया जा रहा है कि मंधना चौराहे से आगे स्थित त्रिनेतश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर परिसर में वर्ष भर धार्मिक गतिविधियां होती रहती हैं, जबकि महाशिवरात्रि और जन्माष्टमी जैसे पर्वों पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है और मेला भी लगता है। ऐसे में मंदिर की जमीन पर कब्जे की कोशिश को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र का एक दबंग व्यक्ति अपनी दीवार तोड़कर मंदिर परिसर की ओर दरवाजा लगाने और निर्माण कार्य कराने में जुटा हुआ है। आरोप है कि वह मंदिर की जमीन पर कब्जा करने की नीयत से यह निर्माण करवा रहा है।क्षेत्र निवासी महावीर शर्मा ने जब इस निर्माण का विरोध किया और काम रुकवाने की कोशिश की तो दबंग ने उन्हें धमकी दे डाली। आरोप है कि उसने उल्टा फंसाने की धमकी देते हुए कहा कि उसके परिवार में पुलिस में लोग हैं, इसलिए उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके के लोगों में रोष है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो मंदिर की जमीन पर स्थायी कब्जा हो सकता है।अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस और प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाते हैं। क्या मंदिर परिसर को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाएगा या फिर यह मामला भी अन्य विवादों की तरह ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा। फिलहाल पूरा मामला कानपुर नगर के मंधना थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
*बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट*

