मूकबधिर मासूम को पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलाया

कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पनकी रोड चौकी इलाके में एक मूकबधिर किशोर के रास्ता भटक जाने का मामला सामने आया। खेलते-खेलते घर से काफी दूर निकल जाने के कारण मासूम रास्ता भूल गया और भटकता रहा।स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब किशोर न तो बोल पा रहा था और न ही लिखकर अपनी पहचान बता पा रहा था। ऐसे में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी।मामले की जानकारी मिलते ही पनकी रोड चौकी इंचार्ज विपिन मोरल ने तत्परता दिखाते हुए टीम के साथ बच्चे की पहचान कराने के लिए कड़ी मशक्कत शुरू की। लगातार खोजबीन और प्रयासों के बाद पुलिस टीम आखिरकार मासूम के परिजनों तक पहुंचने में सफल रही।पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।अपने बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों ने पनकी रोड चौकी के पुलिस कर्मियों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।यह पूरा मामला कल्याणपुर थाना क्षेत्र की पनकी रोड चौकी का है, जहां पुलिस की संवेदनशीलता और मुस्तैदी एक मिसाल बनकर सामने आई है।
बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट

