मामूली विवाद ने लिया मोहल्ला महाभारत का रूप

कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के गूबा गार्डन इलाके में एक मामूली बात ने अचानक बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। पड़ोसियों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर मारपीट तक पहुंच गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।गूबा गार्डन निवासी सावित्री देवी का आरोप है कि अशोक दिवाकर, प्रिंस सोनकर और कुलदीप सिंह दिवाकर समेत कई लोग उनके घर में घुस आए और जमकर हंगामा करते हुए परिवार के लोगों के साथ मारपीट की। उनका कहना है कि घटना में परिवार के कई सदस्य घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि घटना का वीडियो और मेडिकल रिपोर्ट भी मौजूद है।वहीं दूसरे पक्ष के अशोक कुमार दिवाकर ने भी मारपीट के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि असल में हमला उनके परिवार पर किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद गौतम और अखिलेश गौतम ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें उनके बेटे कुलदीप और पत्नी कान्ती देवी के सिर में चोटें आई हैं।घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर विवाद की शुरुआत किसने की। माना जा रहा है कि मामले की सच्चाई सीसीटीवी फुटेज, वीडियो और पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह के अनुसार, मामूली बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। दोनों तरफ से तहरीर मिल चुकी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल मोहल्ले के लोग यही कह रहे हैं कि छोटी सी बात ने बड़ा रूप ले लिया और अब इसका फैसला थाने में ही होगा।
*बिंदास बोल कानपुर से राजू गौड़ की रिपोर्ट*


