सर्राफा दुकान पर बड़ी सेंधमारी!

दीवार काटकर उड़ाए चालीस लाख के जेवर,
पुलिस गश्त पर उठे सवाल
गोण्डा। जिले के नवाबगंज थानाक्षेत्र में चोरों ने पुलिस गश्त की पोल खोलते हुए एक सर्राफा दुकान में बड़ी सेंधमारी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दुकान की दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया और करीब 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात तथा बर्तन चोरी कर ले गए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।किशुनदासपुर गांव निवासी ओमप्रकाश सोनी पुत्र राम अचल सोनी ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी सोने-चांदी के जेवर और बर्तन की दुकान किशुनदासपुर चौराहे पर स्थित है। सोमवार की रात लगभग 11 बजे वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे।मंगलवार सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे तो पीछे की दीवार टूटी हुई देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और बर्तन गायब थे। चोरों ने बड़ी सफाई से केवल कीमती सामान ही उठाया जबकि स्टील और एल्युमिनियम के बर्तनों को हाथ तक नहीं लगाया।ओमप्रकाश सोनी ने बताया कि चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में कुछ संदिग्ध गतिविधियां नजर आ रही हैं, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो चुकी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।घटना के बाद इलाके में सन्नाटा और दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों ने रात की पुलिस गश्त और सतर्कता पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

